इठलाती लहरों पर मस्ती भरा सफर

गर्मियों के मौसम में वॉटर स्पोर्ट्स का अपना अलग ही मजा होता है। पानी पर हिचकोले खाता सफर सच में बहुत लाजवाब होता है। दिल्ली में ऐसी कई जगह हैं, जहां आप बोटिंग का लुत्फ उठाया जा सकता है। इनमें भी सबसे ज्यादा मजा तब आता है, जब आप अपनी नाव खुद चलाते हैं। आइए देखें दिल्ली में कहां-कहां कर सकते हैं बोटिंग : 

पुराना किला : पुराना किला परिसर में बनी इस झील के एक तरफ हरी-भरी झाड़ियां और दूसरी तरफ किले की ऐतिहासिक दीवार है। यहां आकर आप किले में तो घूम ही सकते हैं, पास ही बने चिड़ियाघर में भी जा सकते हैं। खाने-पीने के लिए यहां भी एक स्नैक्स बार है। 

कहां : पुराना किला, मथुरा रोड। 
टाइमिंग : अप्रैल से सितंबर : दोपहर 12 से शाम 7 बजे तक और अक्टूबर से मार्च : सुबह 11 से शाम 6 बजे तक। 
टिकट रेट : पैडल बोट 50 रुपये में 30 मिनट (4 बड़े और 4 साल तक का एक बच्चा बैठ सकता है)। 

बोट क्लब : दिल्ली वालों का पसंदीदा पिकनिक स्पॉट है बोट क्लब। शाम का नजारा यहां बेहद खूबसूरत होता है, जब आसपास बने फाउंटेन और इंडिया गेट रोशनी में डूबे होते हैं। वीकेंड पर यहां लोगों की भारी भीड़ जुटती है। पास ही चिल्ड्रेन पार्क भी है यानी बच्चों के डबल मस्ती का इंतजाम। और खाने-पीने के लिए तो यहां कई ऑप्शंस हैं ही। 

कहां : इंडिया गेट। 
टाइमिंग : अप्रैल से सितंबर : दोपहर 2 से रात 9 बजे तक और अक्टूबर से मार्च : दोपहर 12 से शाम 7 बजे तक। 
टिकट रेट : 30 रुपये में 15 मिनट (दो बड़े और दो बच्चे बैठ सकते हैं)। 

नैनी लेक : हैरान न हों जनाब। यह नैनीताल की नहीं, दिल्ली की अपनी ही नैनी लेक है। हां, उससे कुछ छोटी जरूर है, पर है उसके जैसी ही खूबसूरत। यहां आपको बतख भी झील में मस्ती करते हुए नजर आ जाएंगी। पेट-पूजा के लिए अंदर एक स्नैक्स बार भी है। 

कहां : मॉडल टाउन। 
टाइमिंग : अप्रैल से सितंबर : दोपहर 1 से शाम 8 बजे तक और अक्टूबर से मार्च : सुबह 11 से शाम 6 बजे तक।
टिकट रेट : पैडल बोट 50 रुपये में 30 मिनट (4 बड़े और पांच साल तक का एक बच्चा बैठ सकता है)। 

और भी हैं ऑप्शन : दिल्ली में और भी कई जगह हैं, जहां आप दिल्ली टूरिज्म की बोटिंग सुविधा का आनंद ले सकते हैं। इनमें बाईपास, जहांगीरपुरी में भलस्वा लेक, घंटाघर में हरी नगर लेक, राजेंद्र पैलेस की बैकसाइड में प्रसाद नगर लेक और मयूर विहार में संजय लेक शामिल हैं। टिकट की दर लोकेशन के हिसाब से हर जगह अलग-अलग हैं। आमतौर पर इसके लिए 30 से लेकर 120 रुपये तक चार्ज किए जाते हैं। बोटिंग के लिए आप हफ्ते के किसी भी दिन जा सकते हैं।